जमशेदपुर, 11 जुलाई 2026: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने रोटरैक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर सेवार्थ एवं रोटरैक्ट क्लब ऑफ करीम सिटी के सहयोग से अपने वर्षभर चलने वाले सड़क सुरक्षा अभियान “सुरक्षित यातायात अभियानम् (Safe Road Campaign)” का शुभारंभ करीम सिटी कॉलेज के सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा सेमिनार के साथ किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि यातायात पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी ट्रैफिक) श्री नीरज तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. मोहम्मद रेयाज़, प्राचार्य, करीम सिटी कॉलेज की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अतिथियों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया तथा क्लब की त्रैमासिक कार्यक्रम पुस्तिका के विमोचन के साथ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
स्वागत भाषण में क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गुरप्रीत भाटिया ने सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, शिक्षा, सामुदायिक सहभागिता तथा वर्षभर चलने वाली विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए रोटरी की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
सेमिनार के दौरान यातायात जागरूकता पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। टाटा मोटर्स के विशेषज्ञों ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी, जबकि टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के विशेषज्ञों ने दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर के दौरान दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में रोटेरियन्स, रोटरैक्टर्स, इंटरैक्टर्स, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का समापन अध्यक्ष-निर्वाचित रोटेरियन दीप्ति सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, वक्ताओं, स्वयंसेवकों तथा प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के आयोजन में करीम सिटी कॉलेज रोटरैक्ट कल्ब के मॉडरेटर डॉ उधम सिंह का सहयोग सराहनीय रहा।
शहर के किसी मोड़ पर यातायात मैं अनियमितता की शिकायत का निवारण भी किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न करना तथा जिम्मेदार यातायात व्यवहार को बढ़ाना है ।
