Karim City College

करीम सिटी कॉलेज में भूगोल विभाग ने आयोजित किया विश्व जनसंख्या दिवस पर वेबीनार

 

जमशेदपुर 11 जुलाई 2026
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर के भूगोल विभाग द्वारा एक विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया। इस वेबिनार में अतिथि वक्ता के रूप में भूगोल विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. आले अली उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आयोजक सचिव के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज़, संचालिका के रूप में भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. फरजाना अंजुम तथा सह-संचालिका के रूप में सहायक प्राध्यापिका डॉ. इनायत बानो सहित छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम की शुरुआत संचालिका डॉ. फरजाना अंजुम के परिचयात्मक भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने जनसंख्या दिवस के मुख्य उद्देश्यों को स्पष्ट किया। इसके पश्चात, प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज़ ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए जनसंख्या नियंत्रण की आवश्यकता और इसमें उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस वर्ष के विषय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा— “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना — आज और भविष्य के लिए।”
मुख्य वक्ता डॉ. आले अली ने जनसंख्या वृद्धि के वैश्विक व राष्ट्रीय प्रभावों, जनसांख्यिकीय बदलावों और नीति-निर्धारण की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनसंख्या वृद्धि का सीधा संबंध महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और सामाजिक जागरूकता से है। उनका विशेष सुझाव था कि यदि हम बालिकाओं को शिक्षित कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएं और परिवार नियोजन की जानकारी पहुँचाएं, तो जनसंख्या नियंत्रण स्वतः ही संभव हो सकता है। इसके साथ ही, उन्होंने विशेषकर पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलों के जनसंख्या वितरण की विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की।
वेबिनार के प्रश्नोत्तर सत्र का समन्वयन डॉ. इनायत बानो द्वारा किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न रखे और अतिथि वक्ता ने उनका भली-भांति उत्तर दिया।
अंत में, डॉ.इनायत बनो ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। यह वेबिनार अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रभावशाली और सफल रहा, जिसमें छात्रों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

Skip to content