जमशेदपुर, 27 अगस्त 2026:
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर MY Bharat एवं राष्ट्रीय सेवा योजना करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेल की बात PM के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज सभागार में किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन/वर्चुअल संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक और प्रेरित करना तथा उन्हें खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज़ के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं जिला खेल पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, सुश्री रूपा रानी तिर्की उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण एवं कड़ी मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुश्री रूपा रानी तिर्की द्वारा झारखंड के पाँच युवा खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में जैसन कुंडुलना, आशीष तानु पूर्ति, प्रेमचंद सोय, नितिन कुमार एवं सूरज कुमार शामिल रहे।
इन युवा खिलाड़ियों ने हॉकी एवं एथलेटिक्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। हॉकी खिलाड़ियों ने अंडर-18 एशिया कप 2026 में स्वर्ण पदक, सब-जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक तथा ओमान में आयोजित एशिया कप प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जैसी उपलब्धियां हासिल कर झारखंड एवं देश का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर सेंट्रल करीमिया प्लस टू हाई स्कूल की प्राचार्य डॉ. वहीदा तबस्सुम, पूर्वी सिंहभूम NIC के प्रमुख किशोर सर, डॉ. शाहबाज़ अंसारी (NSS Programme Officer), सैयद साजिद परवेज़ (NSS Coordinator), के. प्लाबन कुमार (NIC) तथा भरत कुमार (NIC) सहित कॉलेज के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। अपने संबोधन के माध्यम से उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने, फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सैयद साजिद परवेज़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समन्वय एवं प्रयासों से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन दिव्यपूर्ति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन NSS Programme Officer डॉ. शाहबाज़ अंसारी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा ‘फिट युवा–फिट इंडिया’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपील की गई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में खेल भावना, उत्साह, अनुशासन एवं देश के लिए कुछ बेहतर करने की प्रेरणा का संचार किया।
